नाहन : सदर थाना पुलिस ने धमकाकर अवैध वसूली करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 30 हजार रुपये नकद और शराब की दो महंगी बोतलें बरामद की हैं।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित नाहन में शराब के ठेके पर सेल्समैन है। कुछ समय पहले शराब के दाम को लेकर उसकी एक शख्स से बहस हो गई थी। इसके बाद उस शख्स ने पीड़ित के खिलाफ सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत कर दी। आरोप है कि शिकायत वापस लेने के नाम पर आरोपी ने पीड़ित को सोशल मीडिया पर बदनाम करने और नौकरी से निकलवाने की धमकी दी और बदले में 30 हजार रुपये नकद व दो महंगी शराब की बोतलें मांगीं।

धमकियों से घबराकर पीड़ित ने आरोपी को पैसे और शराब की बोतलें दे दीं। इसके बाद वह सीधे पुलिस थाना सदर नाहन पहुंचा और शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम सहोत्रा (31) पुत्र विक्रम सहोत्रा, निवासी मकान नंबर 258/12, चिड़ावाली नाहन को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वसूली गई नकदी और दोनों बोतलें भी बरामद कर ली गई हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि इसमें कोई और शामिल तो नहीं है। इस बीच सिरमौर के पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि धमकी देकर पैसे या सामान मांगने वालों से न डरें और न ही उन्हें कुछ दें। ऐसी किसी भी स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें और कॉल, मैसेज या चैट जैसे सबूत संभालकर रखें, ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।