नाहन : नवमी और शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष उपमा धीमान ने शहरवासियों को राम नवमी की शुभकामनाएं देते हुए एक विशेष अपील जारी की थी। अपने संदेश में उन्होंने सभी नागरिकों से गुजारिश की थी कि नौ दिनों तक घरों में पूजी जाने वाली माता सांझी की मूर्तियों को सड़कों, नालों या गंदगी के ढेरों पर न फेंकें, बल्कि उन्हें किसी निर्दिष्ट स्थान या घर पर ही पानी के टब/गमलों में सम्मानपूर्वक विसर्जित करें।
नगर परिषद अध्यक्ष की इस भावुक अपील के बावजूद, शहर में कुछ स्थानों पर लोगों ने माता सांझी की प्रतिमाओं और पूजा सामग्री को सड़क किनारे ही रख दिया था। इससे न केवल धार्मिक आस्था का अनादर हो रहा था, बल्कि क्षेत्र में गंदगी फैलने की आशंका भी बनी हुई थी।

सड़क किनारे रखी मूर्तियों और पूजा सामग्री को देखकर स्थानीय जागरूक नागरिकों ने तुरंत पहल की। इंद्रा चावरिया, नव चावरिया, वैभव, पूनम और आयुषी ने आगे आकर सड़क किनारे बिखरी माता सांझी की प्रतिमाओं और साखियों को बेहद आदर एवं भक्तिभाव से उठाया। इसके बाद इन सभी प्रतिमाओं को गाड़ी में एकत्र कर पवित्र जल में पूरी मर्यादा के साथ प्रवाहित किया गया।
इन युवाओं और स्थानीय निवासियों के इस कार्य की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है। जहां एक ओर प्रशासनिक अपीलों को नजरअंदाज करने की प्रवृत्ति देखने को मिलती है, वहीं इन लोगों की सजगता ने आस्था का सम्मान बनाए रखने और स्वच्छता का संदेश देने में एक नई मिसाल पेश की है।