नाहन : “रक्तदान महादान” के नारे को नाहन के एक निस्वार्थ सेवाभावी युवक ने सच कर दिखाया है। ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर’ (Drops of Hope Society Sirmour) के सक्रिय सदस्य अनूप ने जीवन में 70वीं बार रक्तदान कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनके इस त्वरित प्रयास से एक महिला मरीज को समय पर रक्त मिल सका और उनकी जान बच पाई।
जानकारी के अनुसार, नाहन तहसील के वार्ड नंबर 11 की एक महिला मरीज को डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में भर्ती करवाया गया था। मरीज के शरीर में हीमोग्लोबिन की भारी कमी थी और उन्हें आपातकालीन स्थिति में ‘AB पॉजिटिव’ रक्त की आवश्यकता थी। जैसे ही इसकी सूचना सोसाइटी के सदस्य अनूप को मिली, वह बिना एक पल गंवाए अपने गाँव बर्मा पापड़ी से महज 30 मिनट के भीतर मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक पहुँच गए।

अनूप ने तुरंत रक्तदान कर मरीज की रक्त की कमी को पूरा किया। सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि अनूप सेवा कार्यों के लिए दिन-रात तत्पर रहते हैं और यह उनका 70वां रक्तदान था। इस नेक कार्य में ब्लड बैंक नाहन के कर्मचारी इंद्र ने भी अपना पूर्ण सहयोग दिया।
एक तरफ जहाँ लोग रक्तदान से कतराते हैं, वहीं अनूप जैसे रक्तवीर समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ और स्थानीय लोगों ने उनकी सराहना की है।