नाहन : हिमाचल प्रदेश के नाहन शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक घटना सामने आई है। शहर के प्रसिद्ध रानीताल बाग क्षेत्र में एक महिला और उसके बेटे के साथ सरेआम मारपीट और गाली-गलौज का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस थाना नाहन ने इस संबंध में पीड़ित महिला की शिकायत पर तीन स्थानीय युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 126(2), 115(2), 351(2), 352, 3(5) BNS में पंजीकृत किया गया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में बड़ा चौक नाहन निवासी ममता वर्मा ने आरोप लगाया कि जब वह अपने बेटे के साथ रानीताल बाग के पास से गुजर रही थीं, तब पाना, रींकू और गोलू नामक तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। बिना किसी ठोस कारण के आरोपियों ने न केवल उनके साथ बदतमीजी की, बल्कि उनके और उनके बेटे के साथ मारपीट भी की। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने सार्वजनिक स्थान पर उनके साथ गाली-गलौज की और उन्हें चोटें पहुँचाईं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने पुष्टि की है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के गवाहों और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल, सभी आरोपी पुलिस की रडार पर हैं और आगामी कार्रवाई जारी है।