नाहन : रोटरी क्लब नाहन द्वारा जिला प्रशासन सिरमौर के सहयोग से ‘पी.एम. श्री राजकीय उत्कृष्ट राजमाता मन्दिरा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय’ नाहन में मिड-डे मील रसोईघर की मरम्मत और शेड निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। लंबे समय से विद्यालय में रसोईघर की स्थिति को सुधारने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण में मिड-डे मील (दोपहर का भोजन) उपलब्ध कराना है। क्लब ने विद्यालय में मिड-डे मील किचन और शेड निर्माण की इस जरूरत को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन के साथ मिलकर इसे शुरू करवाने में सफलता प्राप्त की है।

यह विकास कार्य कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत किया जा रहा है। रोटरी क्लब के अध्यक्ष ने बताया कि कालाअम्ब स्थित औद्योगिक इकाई ‘शीला फोम प्राइवेट लिमिटेड’ का इस कार्य में सहयोग अत्यंत सराहनीय है। जिला उद्योग केंद्र नाहन के माध्यम से इस औद्योगिक इकाई को स्कूल में मरम्मत कार्य के लिए प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे अब अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
रोटरी क्लब नाहन ने इस महत्वपूर्ण कार्य को गति देने के लिए जिला उपायुक्त प्रियंका वर्मा और जिला उद्योग केंद्र नाहन के महाप्रबंधक रचित शर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया है। क्लब के अनुसार, रोटरी सदैव शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहा है और भविष्य में भी ऐसे जनहित कार्यों को प्राथमिकता देता रहेगा।