नाहन: शंभूवाला में दर्दनाक हादसा, ट्रक पर तिरपाल डालते समय करंट लगने से चालक की मौ*त

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन के समीपवर्ती क्षेत्र शंभूवाला में बुधवार देर रात एक हृदयविदारक हादसा पेश आया। ट्रक पर तिरपाल डालने के दौरान हाई वोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक वाकया रात करीब डेढ़ बजे का है। मृतक की पहचान शुमटी (पुत्र हेमराज), निवासी गाँव पीर भोली, बिलासपुर, जिला यमुनानगर (हरियाणा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने ट्रक पर चढ़कर तिरपाल डाल रहा था, तभी अंधेरे और असावधानी के कारण उसका शरीर ऊपर से गुजर रही हाई-टेंशन बिजली की तारों से छू गया। जोरदार करंट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही नाहन पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच की औपचारिकताएं पूरी कीं। आज सुबह मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नाहन स्थित डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां कानूनी प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपा दिया गया ।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) सिरमौर, निश्चिन्त सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस हादसे के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।