नाहन: श्रीराम मंदिर चंदा चोरी के विरोध में सड़कों पर कांग्रेस, भगवान जगन्नाथ के दर पर लगाई न्याय की गुहार

नाहन : जिला कांग्रेस कमेटी सिरमौर के अध्यक्ष आनंद परमार की अध्यक्षता में आज नाहन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा एक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया गया। राम जन्मभूमि के नाम पर एकत्र किए जा रहे चंदे में कथित धांधली और चोरी के विरोध में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर अपना रोष प्रकट किया।

यह पदयात्रा कांग्रेस भवन नाहन से शुरू होकर नाहन चौगान, दिल्ली गेट और हिन्दू आश्रम रोड से होते हुए ऐतिहासिक भगवान जगन्नाथ मंदिर तक पहुंची। मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद सभी कार्यकर्ताओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए। इसके उपरांत, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन किया और हनुमान चालीसा तथा राम स्तुति का पाठ भी किया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आनंद परमार ने कहा कि राम जन्मभूमि के नाम पर जो चंदा चोरी चल रही है, उसने देश के करोड़ों राम भक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाई है। कार्यकर्ताओं ने भगवान से प्रार्थना की कि आस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले इस कृत्य को तत्काल रोका जाए और चंदे की हेराफेरी करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि भविष्य में ऐसी धार्मिक धोखाधड़ी को रोकने के लिए सरकार को एक पुख्ता और पारदर्शी व्यवस्था बनानी चाहिए। धार्मिक अनुष्ठान और प्रार्थना के बाद उपस्थित लोगों और आम जनता के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।

इस विरोध प्रदर्शन और पदयात्रा में अश्वनी शर्मा, तजिंदर चौहान, ज्ञान चौधरी, कल्याण धागटा, बलोज अहमद, बीनेश राणा, अनिल शर्मा, सिमरल सिंह, राकेश प्रधान, नितिन कुमार, गुरुवाला पंवार, विरेन्द्र सिंह, राम रतन चौहान, गढ़ा सलीम कपूर, आशा शर्मा, कमला चौहान, बबिता ठाकुर, काजल शर्मा, बिलकिस बानो, कुसुम, पवन सिंह, अरुण पंवार, रघुवीर ठाकुर, संतोष देवी, राजेन्द्र लोधी, अमन चौहान, विरेन्द्र पासी, लाल सिंह, बाबू राणा, आमीन, मनदीप सिंह सहित सैकड़ों अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।