नाहन : श्री गोरक्षनाथ राजकीय संस्कृत महाविद्यालय नाहन में गुरुवार को शिक्षक-अभिभावक संघ (PTA) की आम सभा का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. नरेश शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में पुरानी कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चुनाव किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने और छात्र कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय व प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
आम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए सुभाष शर्मा को पीटीए का नया अध्यक्ष चुना गया, जबकि सुनीता देवी को उपाध्यक्ष और डॉ. सोमदत्त शर्मा को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यकारिणी में अश्वनी शर्मा को सह-सचिव, अधीक्षक शशिपाल को कोषाध्यक्ष, वकील रमौल को मीडिया सलाहकार और देवराज को संरक्षक चुना गया। इसके अलावा कमलेश शर्मा, भावना शर्मा, आशुतोष शर्मा, योगेश शर्मा, संदीप शर्मा, दौलत राम शर्मा, विमल प्रकाश तिवाड़ी, पुष्पा तिवाड़ी, सुनीता देवी और ओंकार चंद को पदेन सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

बैठक में महाविद्यालय के जर्जर हो चुके भवन की छत के त्वरित जीर्णोद्धार पर सहमति जताई गई। इसके साथ ही संस्थान की सेवाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 से वार्षिक पीटीए निधि को ₹500 से बढ़ाकर ₹1000 करने का प्रस्ताव पास किया गया।
छात्रों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए बैठक में कई अन्य अहम प्रस्ताव भी पारित किए गए। महाविद्यालय के लंबे समय से लंबित छात्रावास निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए प्रशासनिक प्रयास तेज करने का फैसला लिया गया। पीटीए मद से कार्यरत सफाई कर्मी का मानदेय ₹3000 से बढ़ाकर ₹5000 करने और उनके ड्यूटी घंटों को बढ़ाने पर सहमति बनी। साथ ही छात्रों के शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करने और कक्षाओं से अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को तुरंत सूचित करने की व्यवस्था पर भी निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर आचार्य डॉ. सुमिता शर्मा, डॉ. ओंकार चंद, सहायक आचार्य नरेंद्र सिंह, डॉ. सीमा वर्मा, सहायक आचार्य ताराचंद शर्मा, अधीक्षक ग्रेड-2 शशिपाल, सहायक आचार्य महोाद अली और जेओए आईटी राहुल सहित कई शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।