नाहन: सड़क हादसों पर प्रशासन सख्त, अवैध पार्किंग और ओवरलोडिंग पर कसेगा शिकंजा

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में आज सड़क सुरक्षा समिति की बैठक उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा पॉलिसी के प्रावधानों को लागू करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला सिरमौर के सभी उपमंडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सभी रोड सेफ्टी क्लब सक्रिय करने और आमजन व शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए विशेष जागरूकता शिविर लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए की सभी उपमंडल अधिकारी अपने स्तर पर भी ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियम अनुसार आवश्यक कार्रवाई करें तथा दो पहिया वाहनों का पंजीकरण करते समय डबल हेलमेट का बिल अनिवार्य रूप से संलगन करना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को स्कूल परिसरों व अस्पतालों के समीप प्राथमिकता के आधार पर रंबल स्ट्रिप्स, स्पीड ब्रेकर, संकेतक चिन्ह लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चिन्हित स्थानों पर विजिबल जेब्रा क्रॉसिंग, रोड रिफ्लेक्टर तथा कन्वैक्स मिरर लगाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान बेसहारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाने पर भी चर्चा की गई तथा नगर परिषदों, नगर पंचायतों तथा ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों को पशुओं को बेसहारा छोड़ने वालों की पहचान कर उचित कदम उठाने और बेसहारा पशुओं को गौशाला में भेजने की योजना की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि जो लोग सड़कों पर पशुओं को बेसहारा छोड़ते हैं उन्हें चिन्हित कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई अम्ल में लाई जाये।

इसके अतिरिक्त, सड़क किनारे निर्माण सामग्री उतारने पर रोक लगाने व सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने खनन कार्य में प्रयुक्त भारी वाहनों में ओवरलोडिंग रोकने हेतु समय-समय पर निरीक्षण तथा आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

उपायुक्त ने कहा कि लोडिंग का निरीक्षण क्रशर के स्थान पर भी करना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त, उपायुक्त ने मेलों व त्योहारों के सीजन के दौरान जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बसें चलाने का प्रावधान करने बारे परिवहन विभाग को निर्देश दिए।
बैठक का संचालन आरटीओ सोना चंदेल ने किया तथा क्रमवार मद प्रस्तुत किए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी, रोड सेफ्टी क्लब नाहन के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर, राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग नगर परिषद के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed