नाहन: 26 जनवरी को शादी समारोह में दहशत फैलाने वाले 5 युवक गिरफ्तार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना सदर नाहन के अंतर्गत 26 जनवरी 2026 को एक शादी समारोह के दौरान हुई दंगे और मारपीट की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मारकंडा पुल के पास हुई इस हिंसक घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी हरियाणा से एक स्विफ्ट कार में सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए थे।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा से सात युवक स्थानीय निवासी रोहित की शादी में शिरकत करने आए थे। समारोह के दौरान किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने डंडों, हॉकी स्टिक और पिस्तौल का इस्तेमाल कर वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में काफी दहशत फैल गई थी। पुलिस ने इस मामले में BNS की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने घटना की पुस्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हरियाणा के छछरौली निवासी विशाल (29), आशिक (23), साबीर (25) और रवि (25) के अलावा नाहन का स्थानीय निवासी मुकेश ठाकुर (25) शामिल है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार (HR02AR-7859) को बरामद कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और पुलिस उनसे हमले में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी की कोशिश कर रही है।

एसपी सिरमौर ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के अनुसार, फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी जा रही है। एसपी ने जोर देकर कहा है कि सिरमौर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।