नाहन : JNV में कक्षा 9वीं व 11वीं में सीधे प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जवाहर नवोदय विद्यालय सिरमौर (जुड्डा का जोहड़) में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं की रिक्त सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। विद्यालय में खाली पड़ी सीटों को सीधा प्रवेश चयन परीक्षा (Lateral Entry Selection Test)-2027 के माध्यम से भरा जाएगा। योग्य एवं इच्छुक विद्यार्थी समय रहते इसके लिए अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं।

प्रवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए नवोदय विद्यालय समिति की ओर से ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल खोल दिया गया है। कक्षा 9वीं और कक्षा 11वीं में सीधे प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन की सुविधा दी गई है। कक्षा 9 में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी https://cbseitms.nic.in/2026/nvsix_9 तथा कक्षा 11वीं के लिए https://cbseitms.nic.in/2026/nvsix_11 पर निशुल्क आवेदन कर सकते है।

आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। विद्यालय प्रशासन व प्राचार्य ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि अंतिम समय में होने वाली किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी या सर्वर की समस्या से बचा जा सके।

प्राचार्य ने जानकारी दी कि सीधे दाखिले से संबंधित विवरण (प्रॉस्पेक्टस), पात्रता मानदंड, परीक्षा पैटर्न और आवश्यक दस्तावेजों से जुड़ी संपूर्ण जानकारी ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल पर उपलब्ध करा दी गई है। अभिभावकों और अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे फॉर्म भरने से पहले जारी किए गए दिशा-निर्देशों और शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें ताकि आवेदन पत्र में कोई त्रुटि न रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।