नाहन : जिला सिरमौर पुलिस द्वारा उदघोषित अपराधियों (Proclaimed Offenders) की धरपकड़ के लिए गठित विशेष पीओ सेल (PO Cell) ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने वर्ष 2018 से फरार चल रहे चोरी के एक आरोपी को हरियाणा के नारायणगढ़ से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान हीरा बहादुर पुत्र ज्ञान बहादुर, निवासी गांव धनोरा, पुलिस स्टेशन मुलाना, तहसील बरवाला, जिला अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 में पुलिस थाना नाहन में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था और लगातार अपनी पहचान छिपाकर ठिकाने बदल रहा था। अदालत द्वारा उसे उदघोषित अपराधी घोषित किया गया था।

सिरमौर पुलिस की पीओ सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी हरियाणा के नारायणगढ़ इलाके में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही सेल की टीम ने जाल बिछाया और सफलतापूर्वक दबिश देकर उसे काबू कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नाहन लाया गया है, जहां उसे संबंधित अदालत में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
गौरतलब है कि जिला सिरमौर में अपराध नियंत्रण और पुराने मामलों के भगोड़ों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए विशेष सैल का गठन किया गया है। पुलिस की यह टीम तकनीकी सर्विलांस और जमीनी सूचना तंत्र के जरिए ऐसे अपराधियों की तलाश कर रही है जो कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए दूसरे राज्यों में शरण लिए हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिला में कानून व्यवस्था बनाए रखने और भगोड़ों को पकड़ने का यह अभियान भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगा।