नाहन : पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नेहर पाब में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में रेहड़ी गुसान की टीम ने अपने शानदार खेल प्रदर्शन की बदौलत टिक्करी की टीम को हराकर खिताब पर कब्जा किया। इस खेल आयोजन ने न केवल स्थानीय प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि युवाओं में भारी उत्साह और खेल भावना का संचार भी किया।
इस समापन समारोह में पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्राफियां प्रदान करते हुए उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपने संबोधन में विधायक ने खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का आधार हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व जैसे गुणों का भी विकास करते हैं।

विधायक ने समाज में बढ़ते नशे के प्रचलन पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में संजीवनी का काम करती हैं। उन्होंने स्थानीय युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और अपनी ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण और सकारात्मक कार्यों में करें।
क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए विधायक रीना कश्यप ने नेहर पाब पंचायत के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की घोषणा की। उन्होंने गांव में एक आधुनिक खेल मैदान विकसित करने के लिए ₹3 लाख देने का ऐलान किया। इसके अतिरिक्त, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए महिला मंडल भवन हेतु ₹2 लाख, स्वयं सहायता समूहों एवं महिला मंडलों के लिए ₹11 हजार और क्रिकेट प्रतियोगिता की आयोजन समिति को ₹51 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम भी देखने को मिला, जहाँ क्षेत्र के लगभग एक दर्जन युवाओं ने कांग्रेस पार्टी का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। विधायक ने सभी नए सदस्यों का माला पहनाकर स्वागत किया और उनसे संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने का आह्वान किया। इससे पूर्व, आयोजन समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक का वहां पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया।