नौणी यूनिवर्सिटी में अमूल, ITC और कोका-कोला जैसी कंपनियों में MBA छात्रों का चयन

Photo of author

By Hills Post

सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी सोलन के एमबीए (एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट) विभाग के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर देश की शीर्ष बहुराष्ट्रीय और अग्रणी कंपनियों में Paid इंटर्नशिप के अवसर हासिल किए हैं। विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट एवं उद्योग समन्वय प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित विशेष इंटर्नशिप प्लेसमेंट अभियान के तहत इन नामी कंपनियों ने छात्रों का चयन किया है।

इस अभियान के दौरान दिग्गज कंपनी आईटीसी (ITC) के प्रतिनिधियों ने जहां कैंपस में आकर इंटरव्यू लिए, वहीं Amul ने अपनी संपूर्ण चयन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की। इन दिग्गज कंपनियों में कोका-कोला (Coca-Cola) में हिमांशी हिल और इतु रत्तन। Amul में आर्यन, कनिका, निखिल, ऋतुल, साक्षी और अभिनव। आईटीसी (ITC) में अमन शर्मा, अमनदीप सिंह, हर्ष कुमार, सूर्यांश पठानिया और योगेश्वर। हिल फार्म ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड में पलकी गुप्ता, श्रुति सिंह और सारा रमंगमावी।

इन सभी चयनित विद्यार्थियों को दो महीने (जुलाई और अगस्त 2026) की इस इंटर्नशिप अवधि के दौरान संबंधित कंपनियों द्वारा हर महीने आकर्षक स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। यह दो महीने की इंटर्नशिप विद्यार्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होने वाली है। इसके माध्यम से छात्रों को एग्रीबिजनेस, मार्केटिंग, सप्लाई चेन और संबंधित कॉर्पोरेट क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव एवं लाइव ट्रेनिंग प्राप्त होगी। राजनीतिक और औद्योगिक विश्लेषकों का मानना है कि यह ऑन-फील्ड अनुभव छात्रों के लिए अनुभवात्मक शिक्षण का काम करेगा, जिससे कॉपोरेट जगत की उम्मीदों और क्लासरूम की थ्योरी के बीच के अंतर को कम करने में मदद मिलेगी।

इस सफल प्लेसमेंट अभियान का बेहतरीन समन्वय और संचालन एग्रीबिजनेस विभाग के डॉ. कपिल कथुरिया, डॉ. रश्मि चौधरी तथा डॉ. यास्मिन द्वारा किया गया। विभाग ने सभी होनहारों को बधाई देते हुए विश्वविद्यालय के साथ साझेदारी करने वाले सभी औद्योगिक घरानों का आभार व्यक्त किया है।

विश्वविद्यालय के कुलपति (वाइस चांसलर) डॉ. एच.एस. बावेजा ने चयनित छात्र-छात्राओं की पीठ थपथपाते हुए कहा कि नौणी विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को सर्वश्रेष्ठ कॉपोरेट एक्सपोजर और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि देश की इतनी प्रतिष्ठित कंपनियों में हमारे छात्रों का चयन यह साबित करता है कि बाजार में हमारे एग्रीबिजनेस प्रोग्राम की साख और मान्यता लगातार बढ़ रही है। ये अवसर छात्रों को भविष्य की बदलती व्यावसायिक आवश्यकताओं को समझने में सक्षम बनाएंगे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।