पंजेहरा स्कूल में अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, कबड्डी टीम उपविजेता रही

Photo of author

By Hills Post

सोलन: उपमंडल नालागढ़ के अधीन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिवालिक स्कूल पंजेहरा में अंडर-19 खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के 30 स्कूलों के 429 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इस प्रतियोगिता के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजेहरा की कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजपुरा स्कूल के मुकाबले उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन पर नालागढ़ उपमंडल के प्रतिष्ठित समाजसेवी ज्ञान सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता के बाद विद्यालय की प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में प्रधानाचार्या श्रीमती संगीता ने बच्चों को संबोधित करते हुए उन्हें नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहने और खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जीवन में अपना स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और उसके अनुसार वार्षिक परीक्षाओं के लिए कड़ी मेहनत करें, ताकि वे अपना लक्ष्य हासिल कर सकें और अपने माता-पिता, गुरुजनों, गांव व विद्यालय का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने स्कूल के पीईटी राम पाल और डीपीई जसपाल सिंह राणा को बधाई देते हुए कहा कि यह शानदार सफलता उनकी और टीम की कड़ी मेहनत का ही परिणाम है। इसके साथ ही उन्होंने इस आयोजन में सहयोग देने के लिए समस्त स्टाफ की भी सराहना की।

प्रधानाचार्या ने हर्ष जताते हुए जानकारी दी कि विद्यालय के पांच बच्चों का चयन कबड्डी और दो बच्चों का चयन वॉलीबॉल की जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले संपन्न हुई अंडर-14 खेल प्रतियोगिताओं में भी पंजेहरा स्कूल उपविजेता रहा था और उस दौरान भी दो बच्चों का चयन जिला स्तर के लिए हुआ था। स्थानीय लोगों का मानना है कि जब से प्रधानाचार्या ने पंजेहरा स्कूल का कार्यभार संभाला है, तब से विद्यालय अकादमिक और खेलकूद के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।