पच्छाद: गाड़ी में शराब भरकर ले जा रहा था शख्स, गुप्त सूचना पर पुलिस ने दबोचा

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना पच्छाद के अंतर्गत पुलिस टीम ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कार से 12 बोतल देशी शराब बरामद की है।

जानकारी के अनुसार,बीते कल पच्छाद पुलिस की टीम गश्त के दौरान नैनाटिक्कर क्षेत्र में मौजूद थी। उसी समय पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि नैनाटिक्कर की ओर से एक व्यक्ति अपनी गाड़ी में अवैध शराब लेकर सराहां की तरफ जा रहा है।

सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नाकेबंदी की और गाड़ी (नंबर HP 16AA-1952) को जांच के लिए रोका। पूछताछ के दौरान चालक व वाहन मालिक ने अपना नाम श्याम दत्त, निवासी गांव गनियाना नाली (तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर) बताया। गाड़ी की गहनता से तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके कब्जे से 12 बोतल देशी शराब बरामद की।

पुलिस ने शराब और गाड़ी को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले में आगामी जांच कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।