नाहन : सिरमौर जिला के अंतर्गत आने वाले पच्छाद क्षेत्र में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। Detection Cell राजगढ़ की पुलिस टीम ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए 9.82 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिटेक्टिव सेल की टीम क्षेत्र में गश्त और कानून व्यवस्था बनाए रखने के सिलसिले में दाड़ो देवरिया क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि अंशु, निवासी कोटला बड़ोग (डाकघर दाड़ो देवरिया, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर), अपनी मोटरसाइकिल (नंबर HP-16AA-1774) पर सवार होकर सोलन की तरफ से कोटला बड़ोग की ओर आ रहा है और उसके पास भारी मात्रा में हेरोइन/चिट्टा मौजूद है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत सतर्कता बरती और संदिग्ध रास्तों पर निगरानी शुरू की। जब उक्त मोटरसाइकिल सवार वहां पहुंचा, तो पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 9.82 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद की गई। मादक पदार्थ बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में NDPS Act के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह चिट्टा आरोपी कहां से लेकर आ रहा था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी गहराई से जांच की जा रही है।