पांवटा-शिलाई नेशनल हाईवे पर बोलरो दुर्घटनाग्रस्त; छात्र-छात्राओं के साथ हादसा, 2 की हालत गंभीर

नाहन : जिला सिरमौर के नाहन में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे छात्रों के साथ एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। मिली जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग 707 पर पुलिस चौकी राजबन के अंतर्गत गांव सतोंन से करीब 4 किलोमीटर दूर चिलोन के पास एक बोलरो कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस वाहन में शिलाई और रोनहाट कॉलेज के ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (SFI) से जुड़े लगभग 9 छात्र-छात्राएं सवार थे, जो नाहन की ओर जा रहे थे।

चिलोन के समीप चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। 108 एम्बुलेंस के माध्यम से चार घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया।

सिविल अस्पताल पांवटा साहिब से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस सड़क हादसे में घायल हुए कुल पांच युवाओं का उपचार अस्पताल में शुरू किया गया है। घायलों की पहचान मुख्य रूप से शिलाई और रोनहाट क्षेत्र के निवासियों के रूप में हुई है। इनमें 22 वर्षीय कार्तिका (पुत्री पंच राम, निवासी गांव रास्त, रोनहाट), 20 वर्षीय भारती (पुत्री अमर सिंह, निवासी गांव कीनू पनोग, शिलाई), 17 वर्षीय सलोनी (पुत्री केदार सिंह, निवासी गांव मानल, रोनहाट), 20 वर्षीय पल्लवी (पुत्री प्रताप सिंह, निवासी गांव कुलह, जरवा) और सतीश (पुत्र मदन सिंह, निवासी रोनहाट) शामिल हैं।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि प्राथमिक जांच के बाद इनमें से दो छात्राओं, मीनाक्षी और पल्लवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत उच्च चिकित्सा संस्थान (हायर सेंटर) के लिए रेफर कर दिया गया है। वहीं, शेष तीन घायलों—कार्तिका, भारती और सलोनी का उपचार अभी भी सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल इन तीनों की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। विस्तृत रिपोर्ट का अभी इंतजार है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।