पांवटा साहिब: तारुवाला चौक पर कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो घायल; चालक फरार

पांवटा साहिब: उपमंडल पांवटा साहिब के तारुवाला चौक पर एक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में गुरमीत सिंह, निवासी गांव आम्बवाला (शिवपुर), ने बताया कि वीरवार सुबह करीब 9:00 बजे वह अपने साथी प्रीतम सिंह के साथ मोटरसाइकिल (HP17H-7754) पर काम पर जा रहे थे। जैसे ही वे तारुवाला चौक पर पहुंचे, राजबन की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार (HP17D-9465) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गुरमीत और प्रीतम दोनों सड़क पर गिर गए, जिससे उन्हें शरीर पर चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक अपनी गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घायल गुरमीत सिंह ने दुर्घटना के समय कार का नंबर नोट कर लिया था, जिसके आधार पर पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस थाना पांवटा साहिब ने शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। मामले में आगामी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।