पांवटा साहिब में मक्की की फसल उजाड़कर जमीन पर कब्जे का प्रयास, 5 लोगों पर FIR दर्ज

नाहन : सिरमौर जिले के तहत पुलिस थाना पुरूवाला में भूमि विवाद और फसल को नुकसान पहुंचाने का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोषगढ़ के निवासी देवेंद्र सिंह पुत्र सुरजीत सिंह ने थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि गांव के ही रहने वाले पवन कुमार और चुहड़ा राम (पुत्र प्रीतम सिंह), संदीप पुत्र प्रकाश चंद, मनभरी पत्नी मोहन लाल और पूर्ण चंद पुत्र मोहन लाल उसकी मल्कियत भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और इन लोगों ने उसके द्वारा खेत में बीजी गई मक्की की खड़ी फसल को भी पूरी तरह से नष्ट कर दिया, जिससे उसे काफी नुकसान पहुंचा है।

देवेंद्र सिंह ने शिकायत में कहा कि जब उसने आरोपियों को अपनी भूमि पर कब्जा करने और फसल को नुकसान पहुंचाने से रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने उसके साथ गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित को सरेआम जान से मारने की धमकी दी और साथ ही पुलिस में झूठा मुकदमा दर्ज करवाकर फंसाने की धमकी भी दी।

इस घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने देवेंद्र सिंह की शिकायत के आधार पर उपरोक्त सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस द्वारा मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।