पांवटा साहिब में माफिया पर वन विभाग की स्ट्राइक, कटी लकड़ी और औजार छोड़ भागे तस्कर!

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब डिवीजन के तहत आने वाली गिरिनगर रेंज में वन माफियाओं द्वारा अवैध कटान का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोदेवाला क्षेत्र में पिछले काफी समय से जंगलों में अवैध कटाई की शिकायतें मिल रही थीं। इसी कड़ी में कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मौके पर अचानक दबिश दी।

छापेमारी के दौरान वन विभाग की सतर्कता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि माफियाओं की टीम मौके से अपनी जान बचाकर भाग निकली। बताया जा रहा है कि माफिया कटे हुए पेड़ों की लकड़ी और कटान में इस्तेमाल होने वाले औजारों को खाले (नदी क्षेत्र) में ही छोड़कर फरार हो गए। विभागीय अधिकारियों ने मौके से ताज़ा कटे हुए पेड़ों के ठूंठ, लकड़ी के भारी-भरकम गट्ठर और कटान उपकरण बरामद किए हैं। यह लकड़ी हरियाणा-हिमाचल सीमा के पास नदी क्षेत्र में छोड़ी गई थी, जिससे स्पष्ट है कि माफिया इसे सीमा पार ले जाने की फिराक में थे।

वन विभाग ने बरामद की गई पूरी लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है और अज्ञात तस्करों के खिलाफ वन अधिनियम (Forest Act) के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वनों की अवैध कटाई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में गिरिनगर रेंज और आसपास के संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त और नाकेबंदी बढ़ाई जाएगी ताकि वन संपदा को सुरक्षित रखा जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।