पांवटा साहिब में युवक और युवती ने पार की बर्बरता की हदें, व्यापारी पर बेरहमी से हमला

नाहन : औद्योगिक नगरी पांवटा साहिब के बद्रीपुर क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक और युवती द्वारा स्थानीय व्यवसायी व पूर्व मनोनीत पार्षद राजू शाह पर बेरहमी से जानलेवा हमला करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद एक दिन पहले दर्ज करवाई गई एक शिकायत के बाद शुरू हुआ। पीड़ित व्यवसायी राजू शाह के घर पर हुई एक घटना के सिलसिले में जब कुछ संदिग्ध नाम सामने आए, तो वे इस मामले में बातचीत और शांतिपूर्ण समाधान के लिए बद्रीपुर स्थित आरोपियों के किराए के मकान पर पहुंचे थे।

paonta sahib

वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बातचीत के दौरान अचानक आरोपी युवती और युवक ने पीड़ित पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने व्यवसायी को गली में घसीट-घसीटकर लात-घूसों से बेरहमी से पीटा। इस दौरान आसपास के लोग मूकदर्शक बने रहे।

घटना की भनक लगते ही पांवटा साहिब के थाना प्रभारी कुलवंत सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस ने मौके से संबंधित सामान भी बरामद किया है। स्थानीय लोगों ने उक्त किराएदारों की संदिग्ध गतिविधियों और देर रात तक होने वाले हुड़दंग को लेकर गहरा रोष जताया है।

इस मामले पर जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक (SP) निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने वीडियो और पीड़ित के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने साफ किया कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।