नाहन : सिरमौर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसआईयू नाहन की टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने पांवटा साहिब क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 2.87 ग्राम चिट्टा (स्मैक) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, 16 नवंबर को एसआईयू नाहन की पुलिस टीम पांवटा साहिब के रैनबैक्सी चौक के समीप गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति लंबे समय से पांवटा साहिब इलाके में चिट्टा बेचने का अवैध धंधा कर रहे हैं और वे अपनी मोटरसाइकिल (नंबर HP17G-6365) पर कुंजा की तरफ से स्मैक लेकर आ रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए नाकाबंदी की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका। पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम अब्दुल रहमान (निवासी गांव संतोषगढ़, डाकघर पुरूवाला, तहसील पांवटा साहिब) तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम विनोद शर्मा (निवासी गांव पाब कफोटा, डाकघर शिल्ला, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर) बताया। तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से कुल 2.87 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद हुआ।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थ और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगामी जांच कर रही है ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।