नाहन : पुलिस थाना पांवटा साहिब में सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत एचआरटीसी डिपो पांवटा साहिब में कार्यरत बस कंडक्टर अनिल कुमार द्वारा दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आज सुबह लगभग 11:40 बजे वे अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात थे। उनकी एचआरटीसी बस का हरिपुरधार के लिए रवाना होने का समय दोपहर 11:55 बजे निर्धारित था। समय निकट होने के कारण वे सवारियों को आवाज लगा रहे थे। इसी दौरान एक निजी बस के मालिक गुमान सिंह ने अपनी बस को एचआरटीसी बस के ठीक आगे लाकर खड़ा कर दिया।

जब कंडक्टर अनिल कुमार ने निजी बस मालिक से बस को रास्ते से हटाने के लिए कहा, तो गुमान सिंह ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें थप्पड़ मार दिए। कंडक्टर का कहना है कि उन्होंने किसी भी तरह की कोई गलत बयानबाजी या दुर्व्यवहार नहीं किया था और वे केवल अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।
निजी बस मालिक की इस हरकत से न केवल मारपीट हुई, बल्कि सरकारी कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई। शिकायत के आधार पर पांवटा साहिब पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।