नाहन : जिला सिरमौर में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ‘स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट’ (SIU) नाहन की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 8.75 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कल जब SIU नाहन की टीम पांवटा साहिब क्षेत्र में गश्त और मादक पदार्थ अधिनियम के तहत सूचनाएं एकत्र करने के लिए मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि बडवास निवासी मनोज कुमार (पुत्र स्वर्गीय रघुबीर सिंह) लंबे समय से चिट्टा और स्मैक बेचने के अवैध धंधे में संलिप्त है। सूचना में बताया गया कि यदि अभी दबिश दी जाए, तो आरोपी के पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हो सकता है।

पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी मनोज कुमार को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 8.75 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और अब उसे माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशा कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई करने की फिराक में था।