पांवटा साहिब में नर्स की बदसलूकी! बुजुर्ग मरीज के साथ लापरवाही और तीमारदारों से अभद्रता का आरोप

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में स्वास्थ्य सेवाओं और स्टाफ के रवैये को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। गिरिपार क्षेत्र के बाईला-गुजोन गांव की 90 वर्षीया बुजुर्ग महिला मरीज भूंगा देवी अस्पताल के फीमेल वार्ड (311, बेड नंबर-73) में भर्ती हैं। परिजनों का आरोप है कि गंभीर स्थिति के बावजूद वृद्धा को करीब दो घंटे तक ऑक्सीजन नहीं मिल सकी, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

जब तीमारदारों ने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स से इस बारे में बात की, तो सहायता करने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। परिजनों का कहना है कि स्टाफ नर्स ने उन्हें दरवाजे से बाहर धक्के मारे, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और पुलिस बुलाने की धमकी दी।

घटना से आक्रोशित परिजनों और अन्य तीमारदारों ने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी , नागरिक अस्पताल पांवटा साहिब को लिखित शिकायत पत्र सौंपा है। शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स (मोनिका) द्वारा मरीजों और उनके परिजनों के साथ लगातार अनुचित व्यवहार किया जा रहा है। परिजनों का दावा है कि उनके पास स्टाफ नर्स द्वारा की गई अभद्रता और दुर्व्यवहार की वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त अस्पताल कर्मी के खिलाफ पहले भी कई मरीजों द्वारा शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस संज्ञान नहीं लिया गया, जिससे अस्पताल में दाखिल कई अन्य मरीज व तीमारदार भी परेशान हैं।

अस्पताल में बिगड़ती व्यवस्था और बदसलूकी के विरोध में राहुल शर्मा, कुंदन सिंह, बिजमाराम, रोशन लाल, संजय, बबली देवी, रेखा देवी, सौरव शर्मा, नरेश, परीक्षा, गुमान सिंह, संजीव कुमार और अमित शर्मा सहित कई स्थानीय निवासियों व परिजनों ने शिकायत पत्र पर हस्ताक्षर कर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि एक तरफ सरकारें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे करती हैं, वहीं दूसरी तरफ पांवटा साहिब जैसे मुख्य सिविल अस्पताल में 90 साल की बुजुर्ग महिला को ऑक्सीजन तक के लिए तरसना पड़ रहा है। तीमारदारों ने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी से मामले में तुरंत कड़ा संज्ञान लेने और दोषी स्टाफ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की अपील की है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।