पावंटा साहिब में सड़क हादसा, धौलाकुआं के युवक की बाइक से टकराई स्कूटी

नाहन : नेशनल हाईवे-07 पर सूरजपुर में तिरुपति मेडिकेयर कंपनी के समीप एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल और स्कूटी की टक्कर होने का मामला सामने आया है। इस दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालकों को चोटें आई हैं। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर माजरी (धौलाकुआं) के रहने वाले 24 वर्षीय संस्कार चौहान उर्फ शिवा पुत्र राजेंद्र सिंह अपने दोस्त करण ठाकुर के साथ मोटरसाइकिल (नंबर HP17J-7116) पर सवार होकर देहरादून से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे सूरजपुर NH-07 पर तिरुपति मेडिकेयर कंपनी के पास पहुंचे, तो उनके आगे बाईं तरफ चल रही एक स्कूटी (नंबर HP17J-1520) के चालक ने अचानक बिना पीछे देखे स्कूटी को दाईं तरफ मोड़ दिया।

स्कूटी के अचानक मुड़ने के कारण मोटरसाइकिल उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे पर ही पलट गई और स्कूटी चालक भी अपनी स्कूटी सहित मौके पर सड़क पर जा गिरा।

हादसे के बाद स्कूटी चालक की पहचान भगवान दास पुत्र रत्ना राम, निवासी गांव सूरजपुर (पुरुवाला, पाँवटा साहिब) के रूप में हुई है। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक संस्कार चौहान और स्कूटी चालक भगवान दास, दोनों को चोटें आई हैं।

इस घटना के संदर्भ में पुलिस थाना पाँवटा साहिब में स्कूटी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(a) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले का अन्वेषण (जांच) जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।