नाहन : औद्योगिक क्षेत्र पाँवटा साहिब के सतीवाला में स्थित लिबर्टी शूज़ लिमिटेड कंपनी के एक कर्मचारी पर रास्ता रोककर डंडों से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाइक पर आए चार नकाबपोश हमलावरों ने वारदात को अंजाम देते हुए कर्मचारी की दोनों टांगें और हाथ तोड़ दिए। पीड़ित कर्मचारी ने अपनी ही कंपनी के किसी व्यक्ति पर रंजिश के तहत हमला करवाने का शक जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा के यमुनानगर जिले के छछरौली तहसील के किशनपुरा (खिजराबाद) निवासी 53 वर्षीय राजेश कुमार पुत्र रूप चंद पाँवटा साहिब की लिबर्टी शूज़ लिमिटेड कंपनी में पासिंग लाइन में काम करते हैं। 4 जून को कंपनी से छुट्टी होने के बाद वह रजिंदर कुमार की गाड़ी में बैठकर अपने घर किशनपुरा जा रहे थे।

जैसे ही वे बहराल से थोड़ा आगे लाल ढांग सड़क के पास पहुंचे, तो पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात लोग आए। हमलावरों ने बकायदा जाल बिछाकर गाड़ी का रास्ता रोका और राजेश कुमार को निशाना बनाते हुए डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था और हेलमेट पहने हुए थे। शातिरों ने वारदात को छिपाने के लिए अपनी मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट पर भी टेप लगाई हुई थी, जिससे गाड़ियों का नंबर पता न चल सके।
इस बर्बरतापूर्ण मारपीट में राजेश कुमार की दोनों टांगें, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। लहूलुहान हालत में उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया। शिकायतकर्ता राजेश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उनकी कंपनी के ही किसी व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के कारण उन पर यह जानलेवा हमला किया है या भाड़े के गुंडों से करवाया है।