नाहन : पुलिस थाना पुरुवाला के तहत विकास कार्यों के आधिकारिक निरीक्षण के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने और पूर्व पंचायत प्रधान को जान से मारने की धमकी देने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। यह घटना तब घटी जब पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक की मौजूदगी में कार्यों की जांच की जा रही थी।
पुलिस को दी गई शिकायत में मानल निवासी और पूर्व पंचायत प्रधान गुलाब सिंह चौधरी (पुत्र शिवा नंद) ने बताया कि उन्होंने पंचायत के माध्यम से गांव धनियों बाग आवडा में कुछ विकास कार्य करवाए हैं। इन कार्यों के आधिकारिक निरीक्षण के लिए 1 अप्रैल को पंचायत सचिव धनवीर सिंह और तकनीकी सहायक नरेश पंवार उनके साथ मौके पर गए थे। अधिकारियों ने अपनी गाड़ी गांव धनियों में खड़ी की थी और वहां से पैदल चलकर कार्यस्थल तक गए थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वे निरीक्षण के बाद वापस अपनी गाड़ी के पास पहुंचे, तो देखा कि गांव धनियों बाग आबड़ा निवासी गुरदीत (पुत्र कली राम) ने सड़क पर गाड़ी के आगे बड़े-बड़े पत्थर डाल दिए थे ताकि रास्ता अवरुद्ध हो सके। आरोप है कि इस दौरान उक्त व्यक्ति ने पूर्व प्रधान के साथ गाली-गलौच की और उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दीं। यह सब सरकारी कर्मचारियों की मौजूदगी में हुआ।
पुरुवाला पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी गुरदीत के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और मौके पर मौजूद गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।