सोलन पुलिस ने 2 किलो चरस और करीब 1 किलो अफीम पकड़ी, ट्रक व कार जब्त

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने कराड़ाघाट के समीप नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक और उसे पायलट कर रही कार से भारी मात्रा में चरस और अफीम बरामद की है। हालांकि, कार चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा, जबकि ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार 10 मार्च को SIU टीम दाड़लाघाट क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति लंबे समय से चरस और अफीम की तस्करी कर रहा है और वह रामपुर की ओर से एक ऑल्टो कार में ट्रक को रास्ता दिखाते हुए दाड़लाघाट की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कराड़ाघाट के पास नाका लगा दिया।

जैसे ही संदिग्ध ऑल्टो कार और ट्रक वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही कार चालक वाहन छोड़कर जंगल की तरफ भाग निकला। पुलिस ने जब दोनों वाहनों की गहनता से तलाशी ली, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। ऑल्टो कार से पुलिस ने 935 ग्राम अफीम, जबकि ट्रक से 1 किलो 980 ग्राम चरस बरामद की है।

पुलिस ने ट्रक चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना दाड़लाघाट में पहले से ही एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत एक अन्य मामला दर्ज है, जो उसके आदतन अपराधी होने की पुष्टि करता है।

पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार कार चालक की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि दूसरे आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार ट्रक चालक को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस अब इस बड़े नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।