पैरा मिलिट्री वेलफेयर बोर्ड के गठन पर एसोसिएशन ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

Photo of author

By Hills Post

शिमला: हिमाचल प्रदेश राज्य एक्स-पैरा मिलिट्री कॉर्डिनेशन एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने बजट 2026-27 में पैरा मिलिट्री वेलफेयर बोर्ड के गठन की घोषणा का पुरजोर स्वागत किया है। एसोसिएशन के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट कर उन्हें इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए सम्मानित किया और आभार व्यक्त किया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि पैरा मिलिट्री वेलफेयर बोर्ड का गठन प्रदेश के हज़ारों पूर्व पैरा मिलिट्री कर्मियों, वीर नारियों और उनके परिवारों के लिए एक संजीवनी की तरह है। इस निर्णय से न केवल उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है, बल्कि इससे पैरा मिलिट्री समुदाय को सीधा सामाजिक और आर्थिक लाभ भी मिलेगा। एसोसिएशन ने इसे मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और सुरक्षा बलों के प्रति उनकी संवेदनशीलता का परिचायक बताया।

एसोसिएशन ने इस मुद्दे को विधानसभा और सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने के लिए उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि श्री पठानिया और अन्य सहयोगी विधायकों के निरंतर समर्थन के कारण ही आज पैरा मिलिट्री परिवारों में आशा की नई किरण जागृत हुई है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों और पैरा मिलिट्री कर्मियों के बलिदान और सेवाओं का सम्मान करती है। उन्होंने दोहराया कि सरकार उनके कल्याण और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी उनके हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाती रहेगी।

एसोसिएशन के सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि वेलफेयर बोर्ड का गठन राज्य में पैरा मिलिट्री समुदाय के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक ‘मील का पत्थर’ साबित होगा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।