नाहन : बैसाखी के पावन पर्व पर नाहन विधानसभा क्षेत्र के बनेठी में पारंपरिक मेले का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विधायक ने सबसे पहले शिरगुल महाराज के मंदिर में शीश नवाया और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि व खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
मेले में जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि बनेठी मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि इस क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति, गहरी आस्था और आपसी भाईचारे का अनूठा प्रतीक है। उन्होंने मेले की गरिमा को बढ़ाने पर जोर देते हुए आश्वासन दिया कि इस मेले को बड़े स्तर पर आयोजित करने की मांग सरकार के समक्ष मजबूती से उठाई जाएगी ताकि भविष्य में इसे और अधिक भव्य स्वरूप दिया जा सके।

विधायक ने मेला ग्राउंड के सौंदर्यीकरण और विकास को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ग्राउंड के लिए पूर्व में स्वीकृत 8 लाख रुपये की राशि का उपयोग कर जल्द ही विकास कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। साथ ही, उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो अतिरिक्त बजट का प्रावधान भी किया जाएगा ताकि सुविधाओं में कोई कमी न रहे।
सड़क सुविधाओं का जिक्र करते हुए सोलंकी ने कहा कि क्षेत्र के एफआरए (FRA) से संबंधित रुके हुए कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं, जिसके सार्थक परिणाम और ऐतिहासिक सफलता मिली है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल श्रेय लेना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारकर जनता को राहत पहुंचाना है। उन्होंने अंत में कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है, जिसे जन सहयोग से प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।