बरोटीवाला में तेज रफ्तार टैंकर ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, महिला की मौके पर ही मौ*त

सोलन : औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। यह दुर्घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार टैंकर ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी महिला टैंकर के पिछले टायर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वकील अली अपनी पत्नी नाजिया के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने कमरे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से लापरवाही और तेज गति से आ रहे एक टैंकर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिर गए। दुर्भाग्यवश, नाजिया टैंकर के पिछले पहियों के नीचे आ गई, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के तुरंत बाद टैंकर चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। चश्मदीदों के अनुसार, टैंकर की रफ्तार काफी अधिक थी, जो इस हादसे का मुख्य कारण बनी।

बरोटीवाला थाना पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगामी जांच अमल में लाई जा रही है। फरार चालक की धरपकड़ के लिए टीमें भेजी गई हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।