सोलन: चूड़ेश्वर सेवा समिति की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक सोलन में रविवार को समिति के अध्यक्ष बीएम नंटा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सभी समितियों ने अपने-अपने कार्य का ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक को संबोधित करते हुए बीएम नंटा ने कहा कि हमसभी चूड़ेश्वर महाराज के सेवक हैं और चूड़ेश्वर सेवा समिति वालंटियर संगठन है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड व हिमाचल की 58 यूनिट का यह संगठन समाजसेवा में अपनी मिसाल कायम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जो-जो प्रस्ताव आज रखे गए हैं, उन्हें अमली जामा पहनाया जाएगा। चूड़ेश्वर सेवा समिति केमहासचिव सुनील कमल ने बैठक का संचालन किया, जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप मंमगाई ने सभी सदस्यों का धन्यवाद किया।

जल्द पहुंचेगा सामान
साथ ही शीघ्र ही तरांह की सराये शुरू करने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि तरांह में जो आवश्यक सामान है, उसे 15 दिन के भीतर भिजवा दिया जाएगा। इसके अलावा सराह (चौपाल ) की सराये में पेश आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति से 10 सितंबर तक चूड़ेश्वर सेवा समिति की डायरेक्टरी और स्मारिका का कार्य पूर्ण करने की बात कही। इसके लिए डॉ शिव भारद्वाज और कुंदन सिंह ने शीघ्र कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया।
विकास कार्य पड़े ठप: मेहता
बैठक में चूड़ेश्वर सेवा समिति की केंद्रीय कार्यकारिणी के अध्यक्ष व मंदिर समिति चूड़धार के सदस्य हरिनंद मेहता ने कहा कि मंदिर समिति चूड़धार की 24 मई 2024 के बाद कोई बैठक नहीं हुई है। इस बारे में डीसी शिमला व एसडीएम चौपाल को भी अवगत करवाया गया है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई अतिवादी कदम नहीं उठाया गया, जिससे विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि यहां प्रति वर्ष 45 से 50 लाख रुपए चढ़ावे के रूप में चढ़ते हैं। इस पर समिति के अध्यक्ष बीएम नंटा ने कहा कि शीघ्र विधान सभा सत्र पूर्ण होने के बाद समिति के लोग डीसी शिमला व एसडीएम चौपाल से मिलेंगे।
सोलर लाइट से जगमग होगा चूड़धार
शीघ्र ही लोगों की धार्मिक आस्था का प्रतीक चूड़धार शीघ्र सोलर लाइट से जगमग होगा। चंडीगढ़ से आए इंजीनियर अमित ने इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहां 10 केवी या 5 केवी का सोलर सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे बिजली की बचत होगी और बिजली हर समय उपलब्ध होगी। डायरेक्टरी का निर्माण कर रहे कुंदन सिंह ने बताया कि अब तक 3595 ने चूड़ेश्वर सेवा समिति के सदस्य पंडीकृत हो चुके हैं। संत राम ठूंडू ने उत्तराखंड में बैठक रखने की बात कही।
सरोज गुप्ता देगी टायलेट बनाने के लिए एक लाख की राशि
योगेश असटा ने चूड़धार में टायलेट बनाने की मांग रखी। इसके लिए सेवा समिति की सदस्य सरोज गुप्ता ने एक लाख रुपए की राशि सेवा समिति को चैक के माध्यम से प्रदान की।
अब तक लग चुके हैं 70 क्विंटल चावल
भंडारा समिति के प्रभारी अमर सिंह बिजाइक ने बताया कि गत वर्ष की तुलना में इस बार ज्यादा श्रद्धालु चूड़धार पहुंच चुके हैं। अब तक 70 क्विंटल चावल भंडारे में लग चुके हैं, जबकि अभी यात्रा लगभग दो माह और चलेगी।
200-200 मीटर रास्ता बनाएं मंदिर समिति
चूड़ेश्वर सेवा समिति ने मांग की है कि चूड़धार में फिसलन अधिक होने के कारण मंदिर समिति चोरों तरफ 200-200 रास्ता बनाया जाए ताकि फिसलन के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इस मौके पर जेगिंद्र चौहान, बृजमोहन चौहान, बस्तीराम शास्त्री, बाबू राम शास्त्री, प्रताप नेगी, अनिल सूद, ललित, दर्शन सिंह पुंडीर, हरिंद्र ठाकुर, अमर सिंह दीवान, सुरेंद्र समटा, नरेश ठाकुर समेत अन्य मौजूद रहे।