सोलन: भारत विकास परिषद सोलन द्वारा गत दिवस शूलिनी विश्वविद्यालय के ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में शाखा स्तरीय भारत को जानो क्विज प्रतियोगिता एवं राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। इस शानदार कार्यक्रम में शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर एवं प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. प्रेम कुमार खोसला मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रेस को जारी बयान में इस प्रोजेक्ट के चेयरमैन डॉ. राम गोपाल शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में सोलन क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इनमें प्रमुख रूप से डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल सन्नी साइड, गीता आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बाल भारती पब्लिक स्कूल, एस.एस.एन. कुमारहट्टी तथा सरस्वती विद्या मंदिर के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। सोलन शाखा के अध्यक्ष डॉ. मुकेश प्रभाकर ने सभी का स्वागत करते हुए भारत विकास परिषद के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, जबकि मंच का सफल संचालन डॉ. राम गोपाल शर्मा ने किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश ईस्ट के अध्यक्ष कर्नल अरुण कैंथला, शाखा सचिव हरीश शर्मा, कोषाध्यक्ष अन्नपूर्णा, महिला संयोजिका दीपांजली शर्मा, पर्यावरण संयोजक राजन जैन, सेवा प्रकल्प संयोजक नरेश गुप्ता, डॉ. सत्यव्रत भारद्वाज, डॉ. एम.पी. सिंघल, शूलिनी यूनिवर्सिटी के आउटरीच प्रोग्राम एडवाइजर चंद्र मोहन शर्मा और नीलम देव शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रो. प्रेम कुमार खोसला ने आह्वान किया कि वे अपने जीवन में उच्च नैतिक मूल्यों को अपनाएं, राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करें और समग्र व्यक्तित्व विकास की दिशा में निरंतर प्रयास करें। उन्होंने दो टूक कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने का कोई शॉर्टकट नहीं होता; बल्कि कड़ी मेहनत, अनुशासन, अच्छे संस्कार और सकारात्मक सोच ही असली सफलता का मुख्य आधार हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने जीवन के लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रहकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सरोज खोसला ने भी प्रतिभागियों को अपने आशीर्वचन दिए।
भारत विकास परिषद हिमाचल प्रदेश (पूर्व) प्रांत के अध्यक्ष कर्नल अरुण कैंथला ने समापन अवसर पर कहा कि राष्ट्रप्रेम और संस्कृति पर आधारित ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से विद्यार्थियों के भीतर देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना की भावना और अधिक सुदृढ़ होती है।
राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में देशभक्ति से ओत-प्रोत और मनमोहक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यालयों में डीएवी सन्नी साइड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गीता आदर्श विद्यालय दूसरे और बाल भारती पब्लिक स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। भारत को जानो क्विज प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में इस वर्ग में डीएवी सन्नी साइड विद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान, गीता आदर्श विद्यालय की टीम ने द्वितीय स्थान और बाल भारती पब्लिक स्कूल की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।
भारत को जान क्विज प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में भी डीएवी सन्नी साइड विद्यालय की टीम प्रथम, गीता आदर्श विद्यालय द्वितीय तथा बाल भारती पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर विजयी रही। उल्लेखनीय है कि दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली ये विजेता टीमें अब आगामी ‘प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता’ में सोलन जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि प्रो. प्रेम कुमार खोसला ने सभी विजेता टीमों को ट्रॉफी, पुरस्कार, प्रमाण-पत्र और मेडल प्रदान किए, साथ ही अन्य सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को भी मेडल व प्रमाण-पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस आयोजन में क्विज मास्टर की भूमिका डॉ. राम गोपाल शर्मा और शशिपाल शर्मा ने निभाई, जबकि समूहगान प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में रीता गोसाईं, डॉ. मुकेश प्रभाकर और चंद्रमोहन शर्मा शामिल रहे। कार्यक्रम में डॉ. रजनी प्रभाकर, अजय सूद, डॉ. सी.डी. थापा, प्रोफेसर नीना जैन, पवन शर्मा, प्रियंका थपलियाल, पूनम शर्मा, अंजिता ठाकुर, मंजू कंवर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।