नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के माजरा थाना के अंतर्गत नया गांव क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ मूल रूप से बिहार के पटना की रहने वाली एक महिला ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान गुड़िया देवी (पत्नी मुकेश कुमार) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला ने घर पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया था। जैसे ही परिजनों को इस बात का पता चला, वे आनन-फानन में उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत नाहन स्थित मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था; महिला ने नाहन ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही माजरा पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए गए बयान में मृतका के पति मुकेश कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी ने गुस्से में आकर यह आत्मघाती कदम उठाया। पति ने किसी भी व्यक्ति पर किसी तरह का शक या आरोप जाहिर नहीं किया है।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है। शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं, फिर भी पुलिस आत्महत्या के पीछे के सही कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।