नाहन: उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में आयोजित होने वाले चैत्र नवरात्र मेले के पावन अवसर पर आज, 25 मार्च को नाहन शहर सहित जिला मुख्यालय के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। जिला प्रशासन द्वारा इस विशेष दिन के लिए स्थानीय अवकाश (Local Holiday) घोषित किया गया है, ताकि श्रद्धालु और कर्मचारी माता के दरबार में शीश नवा सकें।
इस अवकाश के चलते डीसी ऑफिस, तहसील कार्यालय, शिक्षण संस्थान और अन्य सरकारी विभाग पूरी तरह बंद रहेंगे। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं और मेले की ड्यूटी में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों पर यह आदेश लागू नहीं होंगे। नाहन के स्थानीय निवासियों के लिए यह दिन पूरी तरह माता की भक्ति और मेले की रौनक के नाम रहेगा।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, त्रिलोकपुर मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ और धार्मिक महत्व को देखते हुए हर साल की तरह इस बार भी यह निर्णय लिया गया है। आम जनता को सूचित किया गया है कि वे अपने सरकारी कार्यों के लिए अगले कार्यदिवस पर ही कार्यालयों का रुख करें।