मानव सेवा को सम्मान: नाहन की ‘ड्रॉप्स ऑफ होप’ टीम को राज्यपाल ने किया सम्मानित

नाहन : सिरमौर जिले की प्रमुख सामाजिक संस्था ‘ड्रॉप्स ऑफ होप’ ने एक बार फिर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। समाजसेवा और स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने के लिए संस्था को शिमला स्थित लोक भवन में आयोजित एक राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से नाहन शहर और पूरे सिरमौर जिले में खुशी की लहर है।

रविवार को शिमला के लोक भवन में ‘नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स’ (NIFA) की ओर से ‘संवेदना-2’ सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में मिसाल पेश करने वाली संस्था ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर’ के संस्थापक अध्यक्ष ईशान राव और उनकी टीम के सदस्यों—राजीव सोढ़ा, अंकुश एवं करण सिंह को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

संस्था की सराहना करते हुए बताया गया कि कोविड-19 जैसी अत्यंत विषम और कठिन परिस्थितियों में भी ‘ड्रॉप्स ऑफ होप’ के स्वयंसेवकों ने पीछे हटने के बजाय हजारों लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। संकट के समय में मरीजों को तुरंत रक्त उपलब्ध करवाकर संस्था ने मानव सेवा का अनूठा उदाहरण पेश किया है। आज भी संस्था का यह नेटवर्क आपात स्थिति में जरूरतमंदों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रहा है।

समारोह के दौरान समाजसेवा के संदेश के साथ-साथ युवाओं को नशे की गर्त से दूर रखने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों, स्वयंसेवकों और समाजसेवियों को ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ दिलाई गई। इस भव्य आयोजन के अवसर पर एनआईएफए के संस्थापक अध्यक्ष सरदार प्रीतपाल सिंह पन्नू सहित प्रदेशभर के कई प्रमुख सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और समाजसेवी विशेष रूप से मौजूद रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।