मोगीनंद में स्टे ऑर्डर के बावजूद तोड़फोड़, नाहन निवासी की शिकायत पर मामला दर्ज

नाहन: पुलिस थाना कालाअंब के तहत मोगीनंद क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर तोड़फोड़ और अदालती आदेशों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। नाहन के कच्चा टैंक निवासी राजेंद्र प्रकाश की शिकायत पर पुलिस ने राज कुमार गोयल और उनकी फर्म ‘Brite Life Science’ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

शिकायतकर्ता राजेंद्र प्रकाश पुत्र स्व0 हरी चन्द निवासी 49/10 कच्चा टैंक ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि उनकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से आरोपियों ने वहां बनाई गई बाउंड्री वॉल को नुकसान पहुंचाया और उसे तोड़ दिया। सबसे गंभीर आरोप यह है कि इस जमीन के संदर्भ में माननीय सिविल जज नाहन की अदालत ने बीते 3 मार्च को स्थगन आदेश (Stay Order) जारी किया था, जिसके तहत जमीन पर किसी भी प्रकार के निर्माण या बदलाव पर रोक थी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने कानून को ताक पर रखकर न केवल बाउंड्री वॉल गिराई, बल्कि अदालत के आदेशों की भी सरेआम अवहेलना की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तोड़फोड़ किस मंशा से की गई और अदालती आदेशों के उल्लंघन के पीछे क्या कारण रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।