नाहन : राजगढ़ उपमंडल के हाब्बन क्षेत्र के कोड़ब बांगना गांव में उस वक्त मातम छा गया, जब जिला सांख्यिकी कार्यालय सोलन में कार्यरत 40 वर्षीय अधिकारी प्रेम प्रकाश बगनाल का शव घर के समीप जंगल में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक अधिकारी इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे, लेकिन इस दौरान वे गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। परिजनों के अनुसार, वे लगातार काम के अनुचित दबाव की बात साझा कर रहे थे।
मृतक के पास से बरामद हुए सुसाइड नोट ने प्रशासनिक कार्यशैली की पोल खोल कर रख दी है। प्रेम प्रकाश ने अपने नोट में स्पष्ट किया है कि यह कदम किसी व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम नहीं, बल्कि विभागीय प्रताड़ना का नतीजा है। उन्होंने लिखा कि विभाग के उच्च अधिकारियों और कुछ तकनीकी कर्मचारियों द्वारा उन पर लगातार ‘गलत कार्य’ करने का दबाव बनाया जा रहा था। पर्याप्त प्रशिक्षण का अभाव और विभाग में सहयोग की कमी ने एक ईमानदार और जिम्मेदार अधिकारी को भीतर से इस कदर तोड़ दिया कि उन्होंने मौत को गले लगाना बेहतर समझा।

परिजनों का कहना है कि प्रेम प्रकाश ने कई बार इस बात का जिक्र किया था कि कार्यालय में उन पर अनैतिक कार्यों के लिए अनुचित दबाव डाला जा रहा है, जिससे उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ती जा रही थी। आज शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। शोकाकुल परिवार ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है, ताकि पर्दे के पीछे छिपे चेहरों को बेनकाब किया जा सके और भविष्य में किसी अन्य कर्मचारी को इस तरह के मानसिक शोषण का शिकार न होना पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। DSP राजगढ़ विद्या चंद नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है और आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सुसाइड नोट में उल्लेखित विभागीय दबाव और प्रशासनिक खामियों के हर पहलू की बारीकी से जांच की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह दुखद घटना सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार, संवादहीनता और कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनहीनता का एक भयावह उदाहरण है। एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया, और पीछे छोड़ गया सिस्टम की उन खामियों पर सवाल, जिनका उत्तर शायद अब जांच समितियों की फाइलों में तलाशा जाएगा।