राजगढ़ में उप-दमकल केंद्र खोलने की तैयारी; विभाग को भवन की तलाश, 10 मार्च तक माँगी निविदाएं

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश सरकार की अधिसूचना के अंतर्गत जिला सिरमौर के राजगढ़ कस्बे में जल्द ही नया उप-दमकल केंद्र (Sub-Fire Station) कार्य करना शुरू कर देगा। इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए आदेशक गृह रक्षा चतुर्थ वाहिनी, नाहन ने राजगढ़ के आसपास उपयुक्त भवन किराये पर लेने के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं। वर्तमान में कस्बे में कोई भी उपयुक्त सरकारी भवन उपलब्ध न होने के कारण निजी भवनों को प्राथमिकता दी जा रही है।

गृह रक्षा विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, प्रस्तावित उप-दमकल केंद्र के लिए लगभग 105 वर्ग मीटर क्षेत्र वाले भवन की आवश्यकता है। इसमें उप-अग्निशमन अधिकारी के लिए एक कमरा, 10 कर्मियों की 24 घंटे की ड्यूटी के लिए एक बड़ा कमरा, एक स्टोर, शौचालय और रिकॉर्ड व अन्य गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त, परिसर में दो भारी वाहनों और एक हल्के वाहन को पार्क करने के लिए पर्याप्त पार्किंग क्षेत्र होना आवश्यक है।

इच्छुक भवन मालिक अपनी निविदाएं बंद लिफाफे में 10 मार्च, 2026 दोपहर 3:00 बजे तक व्यक्तिगत रूप से या डाक द्वारा आदेशक गृह रक्षा चतुर्थ वाहिनी, नाहन के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। प्राप्त निविदाएं उसी दिन शाम 4:00 बजे संबंधित कार्यालय में खोली जाएंगी।

विभाग के अनुसार, भवन का किराया हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग (HPPWD) द्वारा निर्धारित दरों के आधार पर दिया जाएगा। जिन भवनों में सरकारी मापदंडों के अनुसार उचित सुविधाएं उपलब्ध होंगी, उन्हें चयन में प्राथमिकता दी जाएगी। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति दूरभाष संख्या 01702-222339 पर संपर्क कर सकते हैं या ईमेल [email protected] के माध्यम से पूछताछ कर सकते हैं।

अधोहस्ताक्षरी के पास बिना कोई कारण बताए किसी भी या सभी प्रस्तावों को स्वीकार अथवा अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।