नाहन : जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल में पुलिस ने नशे के खिलाफ एक और महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने एक ट्रक से भारी मात्रा में चूरा पोस्त (भुक्की) बरामद कर चालक को हिरासत में लिया है। पकड़े गए नशे की खेप का वजन 9.346 किलोग्राम पाया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल राजगढ़ थाना की टीम पबयाना के पास गश्त और नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए सूचनाएं जुटा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने आईशर ट्रक (नंबर HP71A-6099) में सोलन की ओर से भारी मात्रा में चूरा पोस्त लेकर राजगढ़ की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बटोल (सनौरा) मुख्य सड़क पर नाका लगाया और संदिग्ध ट्रक को जांच के लिए रोक लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस को ट्रक की बॉडी के अंदर पॉलीथीन के लिफाफों में भरा हुआ चूरा पोस्त बरामद हुआ। ट्रक चालक की पहचान रामलाल शर्मा (48 वर्ष), पुत्र सूरत राम, निवासी गांव भनोग (डिम्बर), राजगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया में है। जांच का मुख्य केंद्र यह है कि आरोपी इतनी बड़ी खेप कहां से लाया था और राजगढ़ क्षेत्र में इसे किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस पूरे गिरोह की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है।