नाहन : रामाधौण पंचायत के पूर्व प्रधान दीपचंद के आकस्मिक निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने बताया कि दीपचंद का निधन अचानक तब हुआ जब उनकी तबीयत देर रात खराब हो गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात उनके घर पर माता की चौकी का आयोजन किया गया था। इस दौरान दीपचंद को हल्का जुकाम-बुखार था, लेकिन उन्होंने श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। चौकी के बाद उन्होंने सामान्य रूप से घर में विश्राम किया। बताया जा रहा है कि रात को अचानक उनकी शुगर लो (Low Sugar) हो गई, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई।

सुबह के समय जब परिवारजन उन्हें देखने पहुंचे तो वह बेहोशी की हालत में मिले और नाक से खून आने की जानकारी मिली। परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद दीपचंद को मृत घोषित कर दिया।
दीपचंद का पार्थिव शरीर दोपहर बाद उनके पैतृक गांव लाया गया, जहां आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से पूरा क्षेत्र शोकग्रस्त है। पंचायत क्षेत्र के लोगों ने उन्हें एक समर्पित और ईमानदार जनसेवक के रूप में याद किया, जिन्होंने अपने कार्यकाल में कई विकास कार्य करवाए थे।
दीपचंद अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके अचानक चले जाने से परिवार और गांववासी गहरे सदमे में हैं। क्षेत्र के लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकग्रस्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।