रेणुका जी में ‘अजब’ चोरी: चोर ने घर को बनाया होमस्टे; कई दिन रहने के बाद सामान लेकर हुआ फुर्र!

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : रेणुका जी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तिरमली दायर गांव में एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शातिर चोर ने न केवल एक सूने मकान में सेंध लगाई, बल्कि वारदात को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक उसी घर में आराम फरमाता रहा। चोर की इस बेखौफ हरकत ने स्थानीय निवासियों और पुलिस को हैरत में डाल दिया है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब घर के मालिक महेंद्र सिंह और उनकी पत्नी रूपा चंडीगढ़ से वापस लौटे। जानकारी के अनुसार, दंपति अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए 19 फरवरी को चंडीगढ़ गए हुए थे। करीब एक हफ्ते बाद जब वे वापस अपने घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए देख उनके होश उड़ गए। घर के अंदर प्रवेश करने पर सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारियां खुली पड़ी थीं।

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि चोर ने चोरी के बाद भागने की जल्दबाजी नहीं दिखाई। पड़ोसियों से पूछताछ करने पर महेंद्र सिंह को पता चला कि 19 फरवरी के बाद से ही एक अनजान व्यक्ति उनके घर में देखा गया था। वह व्यक्ति बेखौफ होकर घर के किचन में खाना बना रहा था और वहीं सो रहा था। कई दिनों तक घर में रहने के बाद, आरोपी चांदी की पायल और लगभग 6,500 रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया।

पीड़ित परिवार ने तुरंत रेणुका जी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता महेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि चोर ने उनके घर की प्राइवेसी और संपत्ति दोनों को भारी नुकसान पहुंचाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और आस-पड़ोस के लोगों के बयानों के आधार पर संदिग्ध की तलाश की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।