नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में अवैध नशा कारोबारियों और तस्करों के खिलाफ पुलिस की धरपकड़ लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना रेणुका जी की टीम ने गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए एक व्यक्ति को अवैध देसी शराब और बीयर की खेप के साथ दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आज रेणुका जी पुलिस की एक टीम इलाके में कानून व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर रूटीन गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक विश्वसनीय सूत्र से गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति रेणुका जी क्षेत्र की तरफ से अवैध शराब लेकर संगडाह की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और संदिग्ध मार्ग पर नाकेबंदी कर दी।

कुछ ही देर में पुलिस टीम ने बताए गए हुलिए के आधार पर उस व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। जब पुलिस द्वारा उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। बरामद की गई खेप में 12 बोतलें देसी शराब और 7 बोतलें बीयर शामिल थीं, जिन्हें आरोपी बिना किसी वैध परमिट या लाइसेंस के ले जा रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान बलदेव सिंह पुत्र बस्ती राम, निवासी गांव द्राविल, डाकघर जरग, तहसील ददाहु, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
इस संदर्भ में आरोपी बलदेव सिंह के खिलाफ पुलिस थाना रेणुका जी में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।