व्यापार में मंदी से उबरने नाहन से सालासर धाम पहुंचे व्यापारी, बालाजी के दरबार में लगाई अर्जी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : ऐतिहासिक नगरी नाहन में लगातार घटते व्यापार और मंदी की मार से उबरने के लिए अब व्यापारियों ने आध्यात्मिक मार्ग का सहारा लिया है। इसी कड़ी में नाहन व्यापार वृद्धि समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान के प्रसिद्ध सालासर धाम पहुंचकर व्यापार में वृद्धि के लिए विशेष अनुष्ठान किया।

व्यापार के देवता कहे जाने वाले राजस्थान के सालासर बालाजी धाम में नाहन व्यापार वृद्धि समिति के अध्यक्ष विक्रम वर्मा, हिमांशु और पंकज विशेष रूप से पहुंचे। यात्रा के दौरान समिति के सदस्यों ने सालासर धाम के मुख्य पुजारी राजवीर से भेंट की और उनके समक्ष नाहन शहर में आ रही मंदी और घटते व्यापार की गंभीर समस्या को प्रमुखता से रखा।

व्यापारियों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्य पुजारी राजवीर ने विशेष हवन-यज्ञ का आयोजन किया। इस दौरान नाहन से समिति की ओर विशेष रूप से ले जाए गए नारियल की पूर्ण विधि-विधान के साथ आहुति दी गई। मुख्य पुजारी और समिति के सदस्यों ने बालाजी महाराज के दरबार में प्रार्थना की कि नाहन का व्यापार फले-फुल और स्थानीय व्यापारियों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।

समिति के अध्यक्ष विक्रम वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सालासर धाम में शुरू किए गए इस अनुष्ठान और यज्ञ की पूर्ण आहुति नाहन में ही दी जाएगी। उन्होंने शहर के सभी व्यापारियों और नागरिकों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए एकजुट होने का भी आह्वान किया है, ताकि आपसी सहयोग से बाजार की रौनक़ को फिर से लौटाया जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।