शिलाई में काल का ग्रास बना 26 वर्षीय युवक: तंग रास्तों पर हुई चूक से बुझ गया घर का चिराग

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह हादसा रविवार को गांव मंगताडी के पास उस समय पेश आया जब एक पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई (नाले) में जा गिरी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप (नंबर HP85-2604) का चालक विपिन कुमार गांव मंगताडी जा रहा था। गांव में गाड़ी मोड़ने की पर्याप्त जगह न होने के कारण, वह घटनास्थल से करीब 50 मीटर पीछे एक नाले के पास गाड़ी को बैक करके मोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई।

हादसे में रमेश कुमार (26 वर्ष), पुत्र जीत सिंह, निवासी गांव चचराडा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चालक विपिन कुमार (25 वर्ष), पुत्र लाल सिंह, निवासी चचराडा गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार चल रहा है। दोनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे।

शिलाई पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपी चालक विपिन कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है

पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की विस्तृत तफ्तीश कर रही है और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।