संगड़ाह में पकौड़े पैक कराने को लेकर रेस्टोरेंट में विवाद, रसोई में घुसकर मारपीट

नाहन: संगड़ाह के मण्डोली स्थित रिमझिम फैमिली रेस्टोरेंट में पकौड़े पैक करवाने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विजय कुमार पुत्र रूप सिंह (निवासी गांव घाटों, डाकघर बड़ग, तहसील संगड़ाह) ने पुलिस थाना संगड़ाह में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि मण्डोली स्थित उनके ‘रिमझिम फैमिली रेस्टोरेंट’ में अशोक, राजेन्द्र, पवन और रोहित नामक चार व्यक्ति आए थे।इस दौरान पकौड़े पैक करने की बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान अशोक जबरन रेस्टोरेंट की रसोई में घुस गया और विजय कुमार के कान पर थप्पड़ जड़ दिया। वहां मौजूद सहयोगियों द्वारा आरोपी को बाहर निकालने के बाद भी वह दोबारा अंदर घुस आया और फिर से मारपीट करने का प्रयास किया।

संगड़ाह पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना की आगामी जांच शुरू कर दी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।