सनवारा टोल प्लाजा के पास 6.16 ग्राम चिट्टे के साथ सोलन का चिंगी गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला सोलन पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई की टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सनवारा टोल प्लाजा के समीप एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी के दौरान एक युवक को दबोचकर उसके कब्जे से 6.16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई मंगलवार को अमल में लाई गई। SIU की टीम को पुख्ता जानकारी मिली थी कि एक युवक मादक पदार्थ की खेप लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सनवारा टोल प्लाजा के पास जाल बिछाया और संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। जब कानून के अनुसार उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 6.16 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

आरोपी की पहचान राकेश कुमार उर्फ चिंगी (उम्र 21 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय श्री वीर सिंह निवासी विकास मोहल्ला, समीप शिव मंदिर, रबोन, तहसील एवं जिला सोलन हिमाचल प्रदेश के रप में हुई है। चिट्टे की खेप बरामद होने के बाद आरोपी राकेश कुमार उर्फ चिंगी को मौके पर ही नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया। इस संदर्भ में पुलिस थाना धर्मपुर में मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जांच के दौरान आरोपी से शुरुआती पूछताछ करने के बाद आज उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता और नशे के मुख्य सप्लायर तक पहुँचने के लिए आरोपी की हिरासत मांगी, जिसे स्वीकार करते हुए अदालत ने आरोपी को 04 दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया है।

धर्मपुर पुलिस और एसआईयू की टीम अब रिमांड के दौरान आरोपी ‘चिंगी’ से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस का मुख्य ध्यान इस बात पर है कि आरोपी यह नशा कहाँ से खरीद कर लाया था और सोलन व इसके आसपास के क्षेत्रों में वह इसे किन-किन लोगों या शिक्षण संस्थानों के समीप बेचने वाला था ।

इसके साथ ही, जिला पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वह पहले भी नशा तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।