सनवारा टोल प्लाजा के समीप 8.49 ग्राम चिट्टे के साथ दो युवक गिरफ्तार, बलेनो कार जब्त

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान में जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) टीम ने धर्मपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत टोल प्लाजा सनवारा के समीप दो युवकों को 8.49 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और अपराधों की रोकथाम के लिए मुस्तैद थी, तभी गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित नाकाबंदी की गई।

नाकाबंदी के दौरान चंडीगढ़ से सोलन की ओर आ रही एक संदिग्ध बलेनो कार को जांच के लिए रोका गया। वाहन की सघन तलाशी लेने पर उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से यह मादक पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर पुलिस ने तुरंत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बलेनो कार को भी जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है। इस पूरे प्रकरण के संबंध में पुलिस थाना धर्मपुर में एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के कड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को आज आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारी अब इन आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से पड़ताल कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे इस अवैध धंधे में कब से संलिप्त हैं और इस नशे की खेप को कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए मामले की आगे की जांच पूरी तत्परता के साथ जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।